Breaking News

पेंशनर्स परिषद का स्थापना दिवस व संस्थापक का जन्मोत्सव संपन्न, आठवें वेतन आयोग के मुद्दे पर जताया आक्रोश

Spread the love

बदायूं। उत्तर प्रदेश राजकीय सिविल पेंशनर्स परिषद, जनपद शाखा बदायूं द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित पेंशन भवन परिसर में परिषद के संस्थापक स्व. त्रिपुरारी शरण का जन्मोत्सव एवं संगठन का स्थापना दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष प्यारे सिंह यादव ‘शिशु’ ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और स्व. त्रिपुरारी शरण के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। वरिष्ठ कवि महेश मित्र ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद परिषद के महामंत्री दिलीप अग्रवाल ने संस्थापक स्व. त्रिपुरारी शरण के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने पेंशनर्स से जुड़ी समस्याओं, विशेषकर आठवें वेतन आयोग को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर संघ के अध्यक्ष राधेश्याम व पेंशनर्स सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि सिविल सर्विसेज पेंशन नियमावली में संशोधन कर पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के दायरे से बाहर रखने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री को तीन बार ज्ञापन देने के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है, जिससे पेंशनर्स में असंतोष है। शमशाद हुसैन, भूपाल सिंह, सूरजभान शर्मा और वीरेंद्र सिंह तोमर ने भी अपने विचार रखे।
इस मौके पर समाज व संगठन में विशिष्ट योगदान के लिए अशोक सक्सेना, गुलाब सिंह राठौर, आचार्य प्रताप सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, ब्रजेश चौहान, अरुण अग्निहोत्री सहित विभिन्न पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्काउट गाइड के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना, वरिष्ठ कवि डॉ. उमाशंकर राही और डॉ. रामबहादुर व्यथित को काव्य क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रामस्वरूप वर्मा, वेद प्रकाश गंगवार, महेंद्र सिंह यादव, जगदीश कुमार त्रिपाठी, प्रेमपाल, हरिप्रसाद सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

संगठन का विस्तार कर दिनेश सिंह को बनाया जिला महासचिव

Spread the loveजिला योजना बैठक में शस्त्र पूजन समारोह सह दशहरा सभा की तैयारियों को …