बगरैन। गुरुवार को क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई। भीषण गर्मी और उमस के बीच आसमान में घने बादल छाने के साथ तेज आंधी और झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह 9 बजे और दोपहर करीब 1 बजे आए दोहरे तूफान से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
क्षेत्र के गांव करेगी में आंधी का सर्वाधिक असर देखने को मिला, जहां दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़ गए। एक भारी पेड़ गिरने से उसके नीचे बंधी विजेंद्र सिंह की तीन भैंसें दब गईं, जिन्हें ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। वहीं परमेंद्र की एक भैंस दबने से गंभीर रूप से घायल हो गई। गांव के प्राचीन हनुमान मंदिर पर पेड़ गिर गया, जबकि भगवान दास मौर्य के मकान पर नीम का पेड़ गिरने से घर क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे में फंसे परिवार को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
आंधी से गांव में दो बिजली के पोल टूट गए और हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बगरैन-करेगी रेलवे स्टेशन मार्ग और बिसौली-आंवला रोड पर श्मशान घाट के पास पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में हटवाकर मार्ग चालू कराया गया।
इस बेमौसम आंधी और मूसलाधार बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल गिरकर पूरी तरह बिछ गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। ग्राम प्रधान रितेश चौहान की सूचना पर हल्का लेखपाल ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी।
Budaun Amarprabhat