18 सितंबर को लखनऊ से होंगे रवाना, 19 को स्थानीय कार्यक्रमों में करेंगे सहभागिता; 20 सितंबर को तहसील सदर में कर्मचारी संघ के चुनाव की करेंगे अध्यक्षता
बदायूं। राज्य सूचना आयुक्त श्री स्वतंत्र प्रकाश गुप्त का चार दिवसीय बदायूं दौरा निर्धारित हुआ है। राज्य सूचना आयुक्त के निजी सचिव शुभम अग्रवाल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री स्वतंत्र प्रकाश गुप्त शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे लखनऊ से निजी वाहन द्वारा जनपद बदायूं के लिए प्रस्थान करेंगे। वह शाम करीब 7:00 बजे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस, बदायूं पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि शनिवार, 19 सितंबर को राज्य सूचना आयुक्त जनपद बदायूं में संभ्रांत नागरिकों से भेंटवार्ता करने के साथ ही विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। शाम 7:00 बजे वह नगर में मराठा एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय राणा के यहां आयोजित श्री गणेश महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रविवार, 20 सितंबर को राज्य सूचना आयुक्त दोपहर 12:00 बजे तहसील सदर बदायूं पहुंचेंगे, जहां तहसील सभागार में उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के द्विवार्षिक चुनाव की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत दोपहर 1:30 बजे वहां से प्रस्थान कर स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम के अंतिम दिन सोमवार, 21 सितंबर को श्री स्वतंत्र प्रकाश गुप्त प्रातः 6:30 बजे जनपद बदायूं से गंगा एक्सप्रेस-वे होते हुए आगरा एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह प्रातः 10:30 बजे अपने आवास 18, राजभवन कॉलोनी, लखनऊ पहुंचेंगे।
Budaun Amarprabhat