उघैती। क्षेत्र के ग्राम मेवली स्थित प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर में मंगलवार को हर वर्ष की भांति भगवान श्रीकृष्ण की पालकी यात्रा धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। पालकी यात्रा को लेकर मंदिर समिति और ग्रामीणों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
पालकी यात्रा मंगलवार सुबह 10 बजे प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर से शुरू होगी। भगवान श्रीकृष्ण की पालकी को श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव और गाजे-बाजे के साथ गांव की गलियों से लेकर जाएंगे। यात्रा के दौरान गांव स्थित विभिन्न मंदिरों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद पालकी यात्रा वापस प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर के प्रांगण में पहुंचकर संपन्न होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
वहीं, पालकी यात्रा के बाद शाम आठ बजे दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्घाटन फीता काटकर क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष वीपी सिंह, प्रदेश मंत्री बिजनेश सोलंकी और थाना अध्यक्ष उदयवीर सिंह संयुक्त रूप से करेंगे। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजकों ने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन एवं मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आयोजकों की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Budaun Amarprabhat