पुलिस टीम और युवक को किया सम्मानित
सम्भल। जनपद के कस्बा गुन्नौर में ईमानदारी और खाकी की तत्परता की एक मिसाल सामने आई है। नेहरू चौक पर छूटा एक महिला का कीमती सामान, जेवर और मोबाइल से भरा बैग सुरक्षित रूप से उसकी स्वामिनी को सौंप दिया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चन्द्र त्रिपाठी ने ईमानदार नागरिक और पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को गुन्नौर के नेहरू चौक पर मूल रूप से मोहल्ला फजल (हाल पता लाल कुआं, दिल्ली) निवासी श्रीमती मीना बेगम का एक बैग गलती से छूट गया था। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, कीमती घड़ियां, नए वस्त्र और मोबाइल फोन मौजूद थे।
मोहल्ला मुंडा निवासी राकेश पुत्र किशन लाल को जब यह बैग मिला, तो उन्होंने ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए इसे तत्काल गुन्नौर कस्बा पुलिस चौकी पर लाकर पुलिस को सौंप दिया।
बैग मिलते ही गुन्नौर पुलिस टीम के उपनिरीक्षक योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल सोनवीर और कांस्टेबल सुनील कुमार ने तत्परता दिखाते हुए जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने कुछ ही समय में महिला की पहचान कर उनसे संपर्क किया और सारा सामान सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। बैग पाकर महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
एसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने राकेश के आचरण की प्रशंसा की और पुलिस कर्मियों के सेवाभाव को सराहते हुए सभी को सम्मानित किया।
Budaun Amarprabhat