डीएम और एसएसपी ने निरीक्षण कर परखीं व्यवस्थाएं
बदायूँ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर होने वाले मुख्य गंगा स्नान के दृष्टिगत जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुश्री अंकिता शर्मा ने सोमवार को कछला गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। मंगलवार, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं के गंगा घाट पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने घाटों पर मौजूद तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोनों आला अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नदी में गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर भी मुस्तैदी बरतने को कहा।
यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों ने वाहनों के सुचारु आवागमन, निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग और लागू किए गए रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन ऐसा होना चाहिए जिससे किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती गामिनी सिंगला, प्रभारी निरीक्षक थाना उझानी सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat