स्काउट ने सीखी जीवन रक्षा की कलाएं, गांठें-बंधन और सेवा के मंत्र
बदायूं : उसावां विकास क्षेत्र के केसरी सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज, टिकरी में आयोजित त्रिदिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन उत्साह और सीख का संगम देखने को मिला। शिविर में प्रशिक्षार्थियों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ प्राथमिक उपचार, गांठें-बंधन, झंडी संकेत वार्ता और प्राकृतिक आपदाओं में जीवन रक्षा की कलाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रबंधक ऋषिपाल सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से बच्चों में आत्मनिर्भरता, टीम भावना और देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाते हैं। स्काउट शिक्षा जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होती है।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउट अनुशासन, निस्वार्थ सेवा और सहयोग की भावना का प्रतीक है। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्त्तव्य है, संतुलन ही जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि बच्चे राष्ट्र के सेवा कार्यों के लिए सदैव अग्रणी रहें।
प्रधानाचार्य देवेश कुमार ने कहा कि स्काउटिंग जीवन की कठिन परिस्थितियों से जूझने का साहस और समाधान कौशल प्रदान करती है। शिविर में स्ट्रेचर बनाना, मरीजों को सुरक्षित अस्पताल तक ले जाना, विभिन्न गांठें जैसे रीफ नॉट, सीट बैंड, फिशरमैन नॉट, क्लोव हिच बनाना, बिना बर्तन भोजन बनाना, बाढ़, भूकंप और तूफान जैसी आपदाओं में तंबू निर्माण और गैजेट्स तैयार करने आदि का प्रशिक्षण दिया गया। पूरे दिन चले प्रशिक्षण सत्रों में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। इस मौके पर मदनपाल सिंह, कंचन कुमारी, सुषमा भारती, राजकुमारी, अल्जमा, रणवीर सिंह, संतवीर, सर्वेश पाल सिंह, सूरजपाल सिंह, नागेंद्र सिंह, संदीप कुमार, शिवम कुमार, विनय कुमार, मयंक शंखधार, रामबाबू आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat