सरदार पटेल डेयरी फेडरेशन लिमिटेड द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती का उत्सव एवं सहकारिता संवाद का आयोजन
भारत के लौहपुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सरदार पटेल सहकारी डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (SPCDF – An Amul Venture) द्वारा करेरा अवशीतन केंद्र पर भव्य जन्म जयंती समारोह एवं “सहकारिता संवाद” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों, महिला सदस्यों, युवाओं एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। वक्ताओं ने सरदार पटेल जी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्र भारत में सहकारिता को सामाजिक-आर्थिक एकता का सशक्त माध्यम बनाया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाए जा रहे इस अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन भी किया गया, जिसमें शिवपुरी जिले के विभिन्न गाँवों से दुग्ध उत्पादकों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सरदार पटेल जी के “एकता और सहकार” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के दृष्टिकोण और माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व से प्रेरित होकर SPCDF देशभर में सहकारी आंदोलन को नई दिशा दे रहा है। वर्तमान में यह संस्था 20 राज्यों में सक्रिय है और गाँव-गाँव में दुग्ध उत्पादकों को सहकारी ढाँचे से जोड़ रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित दूध उत्पादकों ने संकल्प लिया कि वे अपने गाँवों में ग्राम दूध सहकारी समितियों का गठन कर SPCDF से संबद्ध करेंगे, ताकि उन्हें अमूल मॉडल के तहत उचित मूल्य, पशु स्वास्थ्य सेवाएँ, प्रशिक्षण, पोषण सहायता और वित्तीय पारदर्शिता का लाभ प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित दुग्ध उत्पादकों ने “सहकार से समृद्धि” के सिद्धांत को अपनाने और हर गाँव को सहकारी संरचना से जोड़ने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर SPCDF के मध्य प्रदेश स्टेट कोऑर्डिनेटर संदीप मिश्रा, अवशीतन केंद्र प्रभारी चिराग गुप्ता, तरुण जागिड़, सहकारी सेवा प्रभारी जीवन ठाकुर, वीरेंद्र पानू एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
—
Budaun Amarprabhat