संवाददाता – गोविन्द देवल
बदायूँ। 10 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूँ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय में चिकित्सा शिक्षकों, स्टाफ की उपलब्धता, शिक्षण व्यवस्था और निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया।
निर्देश और समीक्षा
उप-मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं यूपीआरएनएन, यूपी सीडीको और सी एंड डीएस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से संबंधित समस्याएँ कॉलेज प्रशासन द्वारा लिखित रूप में उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान यूपी सीडीको के अधिकारियों ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य जनवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा और फरवरी 2026 तक मेडिकल कॉलेज प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
कॉलेज की वर्तमान स्थिति
प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने उप-मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि एनएमसी के मानकों के अनुसार कॉलेज में चिकित्सा शिक्षकों एवं स्टाफ की कमी है। इसके बावजूद शिक्षक और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूर्ण समर्पण के साथ पालन कर रहे हैं और सभी कार्य समय पर संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निर्माण कार्य अभी पूरी तरह से पूर्ण नहीं हुए हैं, जिससे कुछ विभाग प्रभावित हैं।
उपस्थित सदस्य
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, चिकित्सक और स्टाफ उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat