Breaking News

नवजात बच्ची के शव को लेकर कोतवाली गेट पर हंगामा, मायका-ससुराल पक्ष में खींचतान

Spread the love

बदायूं | संवाददाता:
थाना उझानी क्षेत्र के कस्बा उझानी स्थित मोहल्ला पठान टोला में नवजात बच्ची की मौत के बाद मायका और ससुराल पक्ष के बीच जमकर विवाद हो गया। बच्ची के शव को लेकर कोतवाली गेट पर दोनों पक्षों में खींचतान होने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभालते हुए बच्ची का शव उसकी मां को सौंपा और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की।
मोहल्ला पठान टोला निवासी भूरे ने अपनी बेटी भूरी की शादी करीब एक वर्ष पहले जनपद कासगंज के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी यामीन से की थी। शादी के बाद भूरी ने एक बेटी को जन्म दिया। भूरी का आरोप है कि बच्ची के बीमार होने पर जब इलाज की जरूरत पड़ी तो ससुराल पक्ष के लोगों ने करीब एक माह पूर्व उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपनी बच्ची को लेकर मायके आ गई, जहां बच्ची का इलाज चल रहा था।
बुधवार रात इलाज के दौरान नवजात बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत की सूचना मायके पक्ष ने ससुराल वालों को दी, जिसके बाद वे उझानी पहुंच गए। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुरालियों ने बच्ची की मौत का आरोप भूरी और उसके परिजनों पर लगाते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी।
गुरुवार को करीब साढ़े बारह बजे ससुराल पक्ष के लोग बच्ची के शव को लेकर कोतवाली पहुंचे और वहां से शव को लेकर गंजडुंडवारा जाने लगे। इस पर बच्ची की मां भूरी ने अपनी बेटी का शव देने की मांग की। कोतवाली गेट पर ही दोनों पक्षों के बीच शव को लेकर खींचतान शुरू हो गई, जिससे मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हंगामे की सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बच्ची का शव उसकी मां को सौंपते हुए दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझाया। मृत बच्ची की मां भूरी ने ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक संपन्न

Spread the loveमाय भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की पहल बदायूं: …

error: Content is protected !!