डॉ. जयश्री शर्मा ने गर्मी में खानपान और सावधानी बरतने की दी सलाह
बिल्सी। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रधानमंत्री सुरक्षा मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 25 से अधिक गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए आवश्यक परामर्श दिया गया।
महिला चिकित्सक डॉ. जयश्री शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि गर्मियों में शरीर में पानी की कमी जल्दी हो जाती है, इसलिए दिन में कम से कम 8 से 10 गिलास पानी अवश्य पीना चाहिए। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और ताजे फलों के रस का सेवन भी लाभदायक रहता है।
उन्होंने बताया कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी या दुपट्टे का उपयोग करना चाहिए, ताकि धूप से बचाव हो सके।
डॉ. शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह देते हुए कहा कि इससे शरीर को ठंडक मिलती है और पसीने से होने वाली परेशानी भी कम होती है। साथ ही संतुलित और हल्का भोजन लेने पर जोर देते हुए भारी और अधिक मसालेदार भोजन से बचने की सलाह दी। उन्होंने हरी सब्जियां, तरबूज, खरबूजा, खीरा जैसे मौसमी फल, दही और सलाद का सेवन लाभदायक बताया।
इस मौके पर प्रभारी अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, सुमन शर्मा, शशिवाला सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat