Breaking News

13 वर्षीय उनैज खान की हत्या के विरोध में परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

Spread the love

लखनऊ। 13 वर्षीय उनैज खान की हत्या के विरोध में मंगलवार को राजधानी के परिवर्तन चौक पर नागरिकों, छात्र संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एकत्र होकर प्रतिरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन में रूपरेखा वर्मा (साझी दुनिया), मधु गर्ग, सरोजिनी बिष्ट, मीना सिंह, कांती मिश्रा (महिला फेडरेशन), ग्रुप कैप्टन दिनेश चंद्र (सेवानिवृत्त) – ह्यूमैनिटी एसोसिएशन, फरजाना मेहदी और सुचित माथुर (जन संस्कृति मंच), अहमद रजा खान (लखनऊ विश्वविद्यालय), शांतम निधि, शुभम आहाके, नम्रता गौतम, सौन्यजीत भट्टाचार्य, हर्ष तीर्थानी, सनी सिंह, करुणा निदान और दीपांकर सहित कई सामाजिक व छात्र संगठनों के प्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।
वक्ताओं ने कहा कि एक मासूम बच्चे की इस तरह हुई मौत ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने चिंता जताई कि घटना के बाद जिस तरह जांच की दिशा तय की जा रही है और पुलिस द्वारा बार-बार इसे “आकस्मिक गोलीबारी” बताया जा रहा है, उससे निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्य आरोपी संजीव त्रिपाठी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना, फोरेंसिक तथ्यों के स्पष्ट होने से पहले ही घटना को आकस्मिक बताना और जांच प्रक्रिया में सामने आ रही चूकें न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर संदेह पैदा करती हैं।
इस दौरान पुलिस आयुक्त को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें पूछा गया कि परिवार को अस्पताल में बच्चे तक पहुंच से क्यों रोका गया, बिना पूरी जांच के घटना को आकस्मिक गोलीबारी क्यों बताया गया और मुख्य वयस्क आरोपी की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई।
ज्ञापन में मांग की गई कि संजीव त्रिपाठी समेत एफआईआर में नामित सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, घटना स्थल के सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर अदालत में प्रस्तुत किए जाएं तथा जिन पुलिस अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंपने की भी मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि एक बच्चे के जीवन और न्याय के सवाल पर समाज को चुप नहीं रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक नागरिक समाज अपनी आवाज उठाता रहेगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

14.38 करोड़ की लागत से बनेगा सेतु, विधायक हरीश शाक्य ने किया शिलान्यास

Spread the loveशहजाद नगर-रजला माई मार्ग पर पुल निर्माण से दर्जनों गांवों को मिलेगा लाभ …

error: Content is protected !!