पांच दिवसीय आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, कथावाचकों ने अहिंसा और करुणा का दिया संदेश
संवाददाता: गोविंद देवल
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव दिधौनी स्थित अम्बेडकर पार्क में आयोजित पांच दिवसीय बौद्ध कथा इन दिनों श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनी हुई है। कथा के चलते पूरे गांव में भक्ति और शांति का वातावरण देखने को मिल रहा है।
कथावाचन के दौरान सीतापुर से आए कथावाचक अनुपम प्रकाश बौद्ध एवं काजल बौद्ध ने भगवान बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों और अहिंसा के मार्ग का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने पंचशील सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सत्य, अहिंसा और करुणा के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन का वास्तविक कल्याण संभव है।
कथावाचकों ने कहा कि भगवान बुद्ध ने अपने जीवन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि सभी जीवों के प्रति दया भाव रखना और सत्य के मार्ग पर चलना ही सच्चे धर्म का पालन है। उनके उपदेश आज भी मानवता के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम प्रधान रामगोपाल, मेहरबान, शिव शंकर, संजय पाल सिंह, ऋषिपाल सिंह, सोमनाथ, मनोज कुमार, भगवान दास, रुकूम सिंह, विराज, हरिश्चंद्र, अनिल कुमार, सागर, अरविंद कुमार, पूरनलाल, भूदेव, बृजभान सिंह एवं मुशाहिद सहित कई ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
Budaun Amarprabhat