हुंडई औरा कार व अवैध असलहे बरामद
बदायूँ। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुजरिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रात्रि गश्त और मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए बिजली के तारों की चोरी करने वाले एक शातिर चोर गिरोह के 5 सदस्यों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई औरा कार, भारी मात्रा में चोरी किया गया बिजली का सिल्वर तार, ट्रांसफार्मर का तेल, तार कटर तथा अवैध असलहे बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25/26 जुलाई की रात्रि को मुखबिर खास द्वारा सूचना मिली थी कि ग्राम तिगोड़ा के पास उझानी की तरफ जाने वाले हाईवे के किनारे कुछ लोग संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के दिशा-निर्देशों के क्रम में थाना मुजरिया पुलिस हरकत में आई।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची तो देखा कि कुछ लोग सड़क किनारे खड़े पेड़ों की आड़ में खेत के अंदर बिजली लाइन के तारों को काटकर इकट्ठा कर रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मौके से 05 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में धीरेन्द्र पुत्र हरीशचन्द्र – निवासी ग्राम चितौरा धनौरा, थाना अलापुर, अवदेश पुत्र पप्पू – निवासी ग्राम खासपुर की गोठिया, थाना कुंवरगाँव, मौ० शहजाद पुत्र हसीन मौहम्मद – निवासी भदसिया, थाना कादरचौक, राजा पुत्र मुख्तियार हुसैन – निवासी ग्राम भमैया, थाना कादरचौक, धीर सिंह पुत्र सूबेदार – निवासी ग्राम खासपुर की गौठिया, थाना कुंवरगाँव शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 01 अदद तमंचा (315 बोर) मय 02 अदद जिंदा कारतूस और 02 अदद नाजायज चाकू भी बरामद हुए हैं। इसके अलाा करीब 135 किलोग्राम सिल्वर बिजली का तार, 16 लीटर बिजली ट्रांसफार्मर का तेल, 10.5 मीटर काला केबल (95 एमएम), 50 मीटर काला केबल (85 एमएम), तथा 2010 रुपये नगद भी बरामद हुए हैं।
गिरोह का मुख्य सरगना धीरेन्द्र शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ जनपद बदायूँ के विभिन्न थानों में पहले से ही चोरी और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर एक शातिर गिरोह बना रखा है। वे चोरी की घटना को अंजाम देने से एक-दो दिन पहले ही संबंधित स्थान की रेकी करते थे। घटना को अंजाम देने के लिए वे विशेष रूप से हुंडई औरा कार का इस्तेमाल करते थे ताकि चोरी किए गए भारी सामान को आसानी से भरकर ले जाया जा सके। आज भी वे इसी उद्देश्य से चोरी कर रहे थे, लेकिन सतर्क पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बरामदगी और अभियुक्तों के कृत्यों के आधार पर थाना मुजरिया में मुकदमा अपराध संख्या 88/2026 के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार एवं उनकी थाना मुजरिया की पूरी पुलिस टीम शामिल रही।
Budaun Amarprabhat