बिल्सी। विद्युत विभाग में नव नियुक्त उपखंड अधिकारी (एसडीओ) कुलदीप कुमार ने शनिवार शाम बिल्सी विद्युत उपखंड का कार्यभार ग्रहण कर लिया। शासन द्वारा पूर्व एसडीओ के स्थानांतरण के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह बरेली में तैनात थे। मूल रूप से वह मुरादाबाद जनपद के निवासी हैं।
कार्यभार संभालने के बाद एसडीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विद्युत कार्यालय आने वाले प्रत्येक उपभोक्ता की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका नियमानुसार शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उजानी से बिल्सी नगर क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र तक आने वाली मुख्य बिजली लाइन में लगातार तकनीकी खराबियां आने के कारण क्षेत्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही लाइन का तकनीकी सर्वे कराया जाएगा।
एसडीओ ने कहा कि सर्वे के दौरान सामने आने वाली तकनीकी कमियों को दूर कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली संबंधी समस्याओं की जानकारी विभाग को समय पर उपलब्ध कराने और विभाग के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।
Budaun Amarprabhat