सिलहरी। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और लगातार बढ़ती वारदातों से ग्रामीणों व किसानों में भारी दहशत का माहौल है। बीती रात बेखौफ चोरों ने क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में चोरी की बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और चौकी पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थलों का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना ग्राम दहेमी की है, जहाँ चोरों ने साधन सहकारी समिति के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर रखे सोलर इन्वर्टर, दो बैटरियों और अन्य आवश्यक उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर समिति सचिव अमित कुमार ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद चोरों ने पड़ोसी गांव भगवतीपुर में किसान राजेश उर्फ छोटू पटेल के निजी नलकूप को निशाना बनाया। यहाँ चोर ट्यूबवेल का स्टार्टर और विद्युत उपकरण चोरी करने के साथ-साथ चलती बिजली लाइन को काटकर ट्रांसफार्मर का कीमती सामान भी निकाल ले गए।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरियों का सिलसिला जारी है। अब तक करीब 25 नलकूपों से मोटर, स्टार्टर, केबल और ट्रांसफार्मर का सामान चोरी हो चुका है, लेकिन पुलिस अधिकांश मामलों का खुलासा करने में नाकाम रही है। इस कारण किसानों की सिंचाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
मामले में शहीद भगत सिंह चौकी खेड़ा नवादा के प्रभारी युवराज सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना मिली है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की सुरागकशी में जुटी है।
Budaun Amarprabhat