बिल्सी, 23 सितंबर। सोलंकी धर्मशाला में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन की जिला स्तरीय पंचायत आयोजित हुई। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने जनपद के संगठन की समीक्षा की। पंचायत में तहसील अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, ग्राम अध्यक्ष समेत जिला, ब्लॉक और तहसील कमेटियों के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए।
पंचायत में प्रदेश अध्यक्ष ने तहसील और ब्लॉक अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही 28 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में बरेली पहुंचने का आह्वान किया।
पंचायत में पदाधिकारियों ने किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी रखे। इसके बाद बिल्सी मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आढ़तियों की दुकानों पर किसानों से संबंधित सभी खर्चों का विवरण बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की गई। भाकियू ने यह कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर कराने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र यादव ने कहा कि किसानों को बैंक ऋण के मामले में परेशान किए जाने पर संगठन आंदोलन करेगा। उन्होंने किसानों की कर्जमाफी का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा म्याऊं क्षेत्र के किसानों पर दर्ज मुकदमों की जांच की मांग को लेकर 28 सितंबर को बरेली में कमिश्नर से मिलने की बात कही गई।
पंचायत में नीरज यादव, जबर सिंह यादव और राजेश मौर्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन प्रदेश कार्यकारी सदस्य रविंद्र सिंह ने किया। अध्यक्षता झाझन सिंह ने की। अंत में जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और किसानों का आभार जताया।
Budaun Amarprabhat