चार लाख रुपये प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया
बदायूं। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न श्रेणियों के 12 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 14 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई के दौरान चार लाख रुपये प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया।
परिवहन विभाग के अनुसार, सीज किए गए वाहनों में दो स्कूल बस, दो हल्के मालवाहक वाहन, दो मिल्क टैंकर, चार ट्रैक्टर-ट्रेलर और दो भारी बस शामिल हैं। इनमें से आठ वाहनों को थाना कुंवरगांव में और चार वाहनों को उप संभागीय परिवहन कार्यालय, बदायूं में सीज किया गया।
अभियान के दौरान वाहनों के अभिलेखों, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक वैधानिक प्रावधानों की जांच की गई। नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को सीज किया गया और अन्य वाहनों के चालान किए गए।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों और संचालकों से अपील की है कि वे वाहनों के सभी आवश्यक अभिलेख पूर्ण रखें और निर्धारित सुरक्षा मानकों व यातायात नियमों का पालन करें। विभाग के अनुसार, सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Budaun Amarprabhat