बिसौली।
कस्बा सैदपुर में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची थाना वजीरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के कस्बा सैदपुर निवासी विद्यासागर रस्तोगी (90) अकेले रहते थे। उनके चार पुत्रों में से दो का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि एक पुत्र बरेली और दूसरा दिल्ली में अपने परिवार के साथ निवास करता है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था।
स्थानीय लोगों के अनुसार वे बीते कई दिनों से अपने बेटों से संपर्क कर उनसे मिलने की इच्छा जता रहे थे। पारिवारिक सहयोग के अभाव और लंबी बीमारी के चलते वे मानसिक रूप से भी परेशान बताए जा रहे हैं। घटना के समय वह अपने कमरे में अकेले थे, जहां से बाद में उनका शव बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Budaun Amarprabhat