गड्ढों और कीचड़ से फैल रही बीमारियों की आशंका, ग्रामीणों में रोष
संवाददाता: गोविंद देवल, आसफपुर (बदायूं)
आसफपुर (बदायूं)। उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी विकास के लिए बड़े पैमाने पर धन खर्च कर रही है, लेकिन ग्राम पंचायतों में जिम्मेदार प्रतिनिधियों और सरकारी कर्मचारियों की अनदेखी के चलते कई विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं। इसी का नतीजा है कि गांव सीकरी की मुख्य सड़क, जो शिवमंदिर के समीप स्थित सीसी रोड है, खस्ताहाल हो चुकी है।
गांव के वाशिंदाओं एवं अधिवक्ता अमन खान, तिलकराज, विशाल सागर, अजीत कुमार और नितिन ने बताया कि रोड पर कई गहरे गड्ढे हो गए हैं और सीसी रोड जर्जर हालत में होने के कारण राहगीर, स्कूली बच्चे और वाहन चालक खतरे में हैं। विशेषकर चार पहिया व दोपहिया वाहन चालक इस सड़क से गुजरते समय जोखिम में रहते हैं।
सड़कों पर खड़े गंदे पानी और कीचड़ में बुरी तरह पनप रहे कीड़े-मच्छरों के कारण गांव में तरह-तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गांववासियों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुधार और गड्ढों को भरने की मांग की है, ताकि बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और बीमारी के खतरे को कम किया जा सके।
Budaun Amarprabhat