गौशाला में जहरीली रोटी खिलाकर गाय की हत्या का सनसनीखेज मामला
थानाध्यक्ष बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी आगे की कार्रवाई
म्याऊं। थाना उसावां क्षेत्र के ग्राम पंचायत मरौरी स्थित गौशाला में एक गाय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अब तूल पकड़ गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान आदेश कुमार शास्त्री ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया है कि शनिवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच गांव निवासी अंकित यादव दीवार फांदकर गौशाला के अंदर घुसा और उसने कथित तौर पर जहरीली रोटी खिलाकर एक गाय की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रधान द्वारा दी गई तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी इससे पहले भी कई बार गौशाला की दीवार फांदकर अंदर आ चुका है और वहां सेवा कार्य कर रहे गौसेवकों के साथ अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज कर चुका है। प्रधान ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर थाना उसावां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया था, लेकिन कुछ समय बाद ही उसे बिना किसी ठोस कार्रवाई के छोड़े जाने का आरोप सामने आया है। इस बात से नाराज ब्लॉक म्याऊं क्षेत्र के करीब एक दर्जन ग्राम प्रधानों ने थाने पहुंचकर गहरी नाराजगी जताई और दोषी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर ज्ञानवीर सिंह द्वारा मृत गाय का पोस्टमार्टम कराया गया। मौत के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट हाथ आते ही नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद से इलाके में तनाव और रोष का माहौल बना हुआ है।
Budaun Amarprabhat