दोपहर एक बजे बाधित हुई आपूर्ति, शाम छह बजे बहाल होने पर मिली राहत
बिल्सी। नगर के बिजलीघर स्थित कंट्रोल रूम में शुक्रवार दोपहर अचानक तकनीकी खराबी आने से नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे तक बाधित रही। दोपहर करीब एक बजे बिजली गुल होने के बाद भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति बंद होने से घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। वहीं दुकानों, छोटे प्रतिष्ठानों और अन्य कारोबार पर भी बिजली कटौती का असर देखने को मिला। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से लोग गर्मी में बेहाल रहे।
जानकारी के अनुसार, बिजलीघर के कंट्रोल रूम में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई। विभागीय कर्मचारियों ने खराबी को दूर करने का काम शुरू किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद शाम छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
Budaun Amarprabhat