बताए रास्तों पर चलने का लिया संकल्प
बिसौली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और जननायक स्व. मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतीश प्रेमी ने उन्हें शिद्दत से याद किया। सतीश प्रेमी ने सैफई पहुंचकर नेताजी के समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्हें पुष्प अर्पित कर नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और बताए रास्तों पर चलने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान सतीश प्रेमी ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक विचार और जन-आंदोलन थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, किसानों, पिछड़ों, मजदूरों और अल्पसंख्यकों के हकों और सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया था। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाना ही उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य था।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूरा समाधि स्थल परिसर “नेताजी अमर रहें” और “जब तक सूरज-चांद रहेगा, नेताजी का नाम रहेगा” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर कल्यान सिंह यादव, अंटू सागर, विकास यादव, विजेंद्र यादव, कपिल देव, रवींद्र यादव, अरविंद राव और शाकिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat